लिस्बन। पुर्तगाल के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने यहां एक नागरिक समारोह में अपनी लंबे समय से प्रेमिका रहीं जॉर्जिना रोड्रिगेज से शादी कर ली है। मैड्रिड में मिलने के बाद से 2016 से साथ रह रहे इस जोड़े ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर अपनी अंगूठियों को दिखाते हुए एक तस्वीर पोस्ट की।
41 वर्षीय रोनाल्डो ने अपने क्लब अल नासर के 2026-27 सऊदी प्रो लीग अभियान शुरू होने से ठीक चार दिन पहले शादी की। इस जोड़े ने पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन से लगभग 20 मील पश्चिम में स्थित एक तटीय रिसॉर्ट शहर कैस्केस में शादी की, जिसमें उनके पांच बच्चे भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि रोनाल्डो ने स्पोर्टिंग, मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, जुवेंटस, अल नासर और पुर्तगाल के लिए खेलते हुए अपने करियर में लगभग 1,000 गोल किए हैं। उन्होंने हाल ही में अपना छठा विश्व कप खेला और पुरुषों के फाइनल में सबसे अधिक बार खेलने का रिकॉर्ड अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के साथ साझा किया।



