नई दिल्ली। यात्री संख्या के हिसाब से देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हैपी इंडेपेन्डेंस डे सेल की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इसके तहत ग्राहकों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर यात्रा के लिए टिकट बुक कराते समय मूल किराये में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। यह ऑफर 13 अगस्त से 16 अगस्त के बीच नॉन-स्टॉप उड़ानों के लिए की गई बुकिंग पर लागू होगा। यात्रा 16 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 के बीच की जा सकती है।
इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को यात्रा से कम से कम तीन दिन पहले बुकिंग करनी होगी और बुकिंग के दौरान प्रोमो कोड इंडिगो80 (अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में) का इस्तेमाल करना होगा। बुकिंग इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, एआई-संचालित असिस्टेंट 6ईस्काई या चुनिंदा ट्रैवल पार्टनर की वेबसाइट्स और ऐप के माध्यम से की जा सकती है।
रियायती किराये के साथ-साथ ग्राहक कई अन्य सहायक उत्पादों और सेवाओं पर भी आकर्षक छूट का लाभ उठा सकते हैं। इनमें 6ई ईट्स, फास्ट फॉरवर्ड और 6ई सीट्स पर 20 प्रतिशत तक की छूट शामिल है। इसके अलावा, फेयर होल्ड 20 रुपए से शुरू होगा जबकि इंडिगो अपफ्रंट अपग्रेड 999 रुपए से उपलब्ध होगा। फेयर होल्ड और अपफ्रंट के ऑफर केवल इंडिगो के डायरेक्ट चैनल्स से की गयी बुकिंग पर उपलब्ध होंगे।
इस सेल के तहत इंडिगो ब्लूचिप सदस्य इंडिगो के डायरेक्ट चैनल्स के माध्यम से की गई इंडिगो स्ट्रेच बुकिंग पर 20,000 तक इंडिगो ब्लूचिप अर्जित कर सकते हैं। यह सुविधा 24 अगस्त से 30 सितंबर 2026 के बीच की यात्रा के लिए उपलब्ध होगी।



