मुंबई। अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने उनके समान नाम वाली महिला के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की खबरों में अपनी तस्वीर के इस्तेमाल पर ऐतराज जताया है और मीडिया संगठनों एवं डिजिटल प्लेटफार्म से मांग की है कि वे उनकी तस्वीर हटाकर सही तस्वीर का इस्तेमाल करें।
अंतरा ने बुधवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मुद्दा उठाया और कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने समान नाम वाली दूसरी महिला के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की खबरों में कथित तौर पर अपनी तस्वीर का इस्तेमाल करने पर मीडिया संगठनों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों से इसमें तत्काल सुधार की मांग की।
अभिनेत्री के अनुसार कई समाचार पोर्टल, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने प्राथमिकी का समाचार और वीडियो प्रकाशित करते समय उनकी तस्वीर का प्रयोग किया है। इस कथित गड़बड़ी के कारण अभिनेत्री की तस्वीर व्यापक रूप से प्रसारित हो गई और उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों, सहयोगियों व व्यावसायिक साथियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
उन्होंने कहा कि शिकायत के सत्यापन से पता चला कि प्राथमिकी में नामजद व्यक्ति ठाणे की एक मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी थी और इस प्राथमिकी से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशित होने के 24 घंटे से भी कम समय में उन्हें 900 से अधिक कॉल, व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया मैसेज प्राप्त हुए। इनमें लोग मामले में उनकी कथित संलिप्तता के बारे में स्पष्टीकरण मांग रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी के एक साधारण सत्यापन से यह स्थापित हो जाता कि इस मामले से मेरा कोई संबंध नहीं है। फिर भी मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया गया। कई प्लेटफॉर्मों पर गलत तस्वीर को प्रसारित किया गया। इससे अनावश्यक भ्रम पैदा हुआ और मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
अभिनेत्री ने कहा कि इस घटना से उन्हें और उनके परिवार को काफी मानसिक तनाव हुआ है। उन्होंने सभी मीडिया घरानों, टेलीविजन चैनलों, वेबसाइट, समाचार पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से गलत तस्वीर हटाने और उन समाचारों एवं वीडियो में संशोधन करने की अपील की जहां उनकी पहचान को प्राथमिकी से गलत तरीके से जोड़ा गया था। उन्होंने जोर दिया कि जिम्मेदार पत्रकारिता सत्यापन के साथ शुरू होती है।
उन्होंने कहा कि आज यह अंतरा बनर्जी हैं, कल कोई और हो सकता है। प्रतिष्ठा बनाने में सालों लग जाते हैं और नुकसान पहुंचने में सिर्फ कुछ मिनट लगते हैं।” उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित संगठन जल्द से जल्द अपनी रिपोर्टों में सुधार करेंगे और कानूनी मामलों के संबंध में तस्वीरें एवं पहचान प्रकाशित करते समय अधिक सावधानी बरतेंगे।
अंतरा बढ़ो बहू, कसौटी जिंदगी की, दिव्य दृष्टि, लाल इश्क, गुमराह और सावधान इंडिया सहित कई टेलीविजन धारावाहिकों में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं।



