झाड़-फूंक के बहाने रेप, सीएमओ की नौकरी दिलाने के नाम पर 44.42 लाख रुपए की ठगी

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर में झाड़-फूंक के जरिए इलाज और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म तथा 44 लाख 42 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। करीब सात साल पुरानी घटना को लेकर पीड़िता की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में वह सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी आशाराम चौधरी से हुई थी। आशाराम झाड़-फूंक के माध्यम से सिरदर्द का इलाज करने का दावा करता था। उस समय महिला सीएमओ पद की परीक्षा देने वाली थी।

पीड़िता का आरोप है कि आशाराम चौधरी ने उसे सीएमओ पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग समय में महिला से कुल 44 लाख 42 हजार रुपए लिए गए।

शिकायत के मुताबिक रकम लेने के बाद आरोपी महिला को पैसे वापस करने का लगातार भरोसा देता रहा। पैसे वापस मिलने की उम्मीद में महिला ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद न तो उसकी नौकरी लगी और न ही उसे दी गई रकम वापस मिली।

इसके बाद महिला ने अभनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मध्यप्रदेश के सागर जिले का रहने वाला है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच के दौरान 44 लाख 42 हजार रुपए के लेन-देन, सीएमओ पद पर नौकरी लगवाने के दावे तथा महिला की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।