धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार दो युवकों ने महिला को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और अपने साथ मेघा पुल के समीप स्थित नर्सरी में ले गए। आरोप है कि सुनसान स्थान का फायदा उठाकर दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता कुरूद थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी महेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। वह बालोद जिले के बगदही का रहने वाला बताया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं और नौकरी अथवा अन्य किसी काम के बहाने अनजान व्यक्ति के साथ सुनसान स्थान पर जाने से बचें। किसी व्यक्ति या नौकरी के प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी तरह तहकीकात करने की भी सलाह दी गई है।



