ग्वालियर में 3400 किस वाली कार का वीडियो वायरल, पुलिस ने ठोंका 5500 रुपए जुर्माना

0

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज पाने के लिए कार को करीब 3400 किस के निशानों से सजाकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार को बरामद कर उसके मालिक पर 5500 रुपए का जुर्माना लगाया और उसे कार साफ करने के लिए कहा।

एडीशनल एसपी सुजावल जग्गा ने बताया कि कार का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी और उसकी पूरी बॉडी पर लिपस्टिक के निशान नजर आ रहे थे। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की पहचान शुरू की और उसे थाटीपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया।

यातायात पुलिस के अनुसार कार क्रमांक एमपी 07 सीसी 9452 को यातायात थाने लाया गया और उसके मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार की और कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशान पानी से साफ किए।

यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि आदित्य इंस्टाग्राम पर रील बनाता है। उसने दो दिन पहले कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। वीडियो को एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिलने की जानकारी सामने आई है।

आदित्य ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। कार खड़ी होने के दौरान उसकी एक दोस्त ने कार की बॉडी पर किस किए थे। इसके बाद उसने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। उसके अनुसार कार की बॉडी पर करीब 3400 किस के निशान बनाए गए और पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे।

पुलिस के अनुसार वीडियो को सोशल मीडिया पर ट्रेंड कराने और ज्यादा से ज्यादा वायरल करने के उद्देश्य से यह प्रयोग किया गया था। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कार मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की है।