तेलंगाना के सूर्यपेट में बस और लॉरी की टक्कर, 6 लोगों की मौत, 20 घायल

0

सूर्यापेट। तेलंगाना में सूर्यापेट ज़िले के कोडद मंडल में डोराकुंटा के पास बुधवार तड़के एक निजी बस के खड़े लॉरी से टकराने के कारण 5 महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गयी और 20 अन्य घायल हो गये, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।

पुलिस के अनुसार हादसे के समय 42 यात्रियों को लेकर बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। इसी दौरान तड़के करीब चार बजे वह खड़ी लॉरी के पिछले हिस्से से टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि चालक को नींद आने और तेज़ रफ़्तार की वजह से यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद बस चालक मल्लिकार्जुन मौके से भाग गया।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए कोडद सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मृतकों की पहचान एनटीआर ज़िले के तेलाप्रोलु निवासी यासरापु चिन्नी (32), और विजयवाड़ा निवासी मैरी ज्योत्सना (29), नागेंद्रबाबू (21), सुरवरपु शकीना, भावना और लक्ष्मी के रूप में हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जाँच चल रही है।

इस बीच, मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख और शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले, इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं।