कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में एक चिकित्सक ने की सुसाइड

0

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक डॉ. एल्विन (30) ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध टूटने को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक वर्ष पहले उनकी पदस्थापना कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर के आवासीय क्षेत्र में एक मकान में अकेले रहते थे।

आज मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे डॉ. एल्विन की अस्पताल में ड्यूटी थी, लेकिन वह निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे। अस्पताल कर्मचारियों ने उनके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब चार बजे तक संपर्क नहीं होने पर कुछ कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। वहां खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया। अंदर जाने पर बाथरूम में डॉ. एल्विन का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाथरूम में कपड़े टांगने के लिए लगे दो हैंगर के बीच रस्सी बांधकर फंदा बनाया गया था।
पुलिस को डॉ. एल्विन के हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया और इसके बाद फांसी लगा ली। पुलिस इस पहलू के साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद डॉ. एल्विन के परिजन कोयंबटूर और पालक्काड से कोरबा पहुंचे। पुलिस ने स्वजन तथा अस्पताल के कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है। प्रारंभिक तौर पर प्रेम संबंध टूटने को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसे अंतिम कारण नहीं माना है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।