मुरादाबाद के सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, सपा नेता पर प्राथमिकी

0

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 स्थित सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि घटना तीन सितंबर की है। सपा नेता एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा हाजी मोहम्मद उस्मान ने अपनी गाड़ी के पीछे मैदान में दरी बिछाकर नमाज अदा की और इसका वीडियो बनवाकर फेसबुक पर अपलोड कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ने पर उसे सोशल मीडिया से हटा दिया गया। हालांकि, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी अवर अभियंता अनित कुमार की तहरीर पर मझोला थाना पुलिस ने चार सितंबर की देर रात करीब 10:21 बजे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 और 292 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आवागमन मार्ग पर वाहन खड़ा कर नमाज पढ़ने से लोगों और वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हुई। इस मामले पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने आपत्ति जताते हुए इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा का राजनीतिक हथकंडा बताया है। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक सौरभ कुमार के नेतृत्व में मामले की विवेचना की जा रही है। मामले में अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।