संभल। उत्तर प्रदेश में संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में रविवार को एक डंपर के टेंपो को टक्कर मार देने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई तथा छह घायल हो गए।
थाना बहजोई के अंतर्गत के ग्राम बम्नेटा के निकट मुरादाबाद आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह लगभग नौ बजे बालू से भरे डंपर ने एक टेंपो को मार दी जिससे दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई तथा छह घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुर्घटना में टेंपो चालक थाना बहजोई के अंतर्गत के ग्राम सादतवाणी के निवासी सौदान, बहजोई के ही मोहल्ला कुरैशियान के निवासी रुवैद, जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम परमानंदपुर की निवासी रोहिणी (26) एवं थाना बहजोई के अंतर्गत के ग्राम मऊ कठेर के निवासी ध्रुव (07) एवं उसकी तीन माह की बहिन आराध्या की मौत हो गयी जबकि पुनीत, रामपाल, भावना, बिट्टू, प्रशांत एवं बृजकिशोर घायल हो गए।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी आदि अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी ली है।



