एएसआई ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाने वाला वीडियो वायरल

1

नवी मुंबई। महाराष्ट्र में नवी मुंबई पुलिस की विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) में तैनात सहायक पुलिस उपनिरीक्षक पांडुरंग निंबाजी पाटिल ने एक होटल के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाने से पहले पाटिल (56) ने दो वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे। इनमें से एक वीडियो में उन्होंने नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे से न्याय की गुहार लगाते हुए एक पूर्व पुलिस उपायुक्त, एक सहायक पुलिस आयुक्त और एक मुख्य लिपिक का नाम लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ही वे यह कदम उठा रहे हैं। दूसरे भावुक वीडियो में उन्होंने अपनी बेटियों और रिश्तेदारों से बार-बार माफी मांगी।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने पाटिल की तलाश शुरू की, जिसके दौरान महापे स्थित साची लॉज नाम के होटल के एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

नवी मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपक साकोरे ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पाटिल ने अपने वीडियो में आठ पन्नों की एक शिकायत का जिक्र किया है, जो अभी तक बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल और कार को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी है।