छपरा। बिहार में सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में महिला की वेशभूषा में घूम रहे एक पुरुष नर्तक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि देर रात चिरांद मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति के मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया।
सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। बाद में स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि करीब 45 वर्षीय एक पुरुष, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है, अक्सर महिला की वेशभूषा धारण कर डोरीगंज थाना क्षेत्र में घूमता रहता था। वह नर्तक के रूप में भी जाना जाता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस संबंध में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


