सिरोही के निचलागढ़ क्षेत्र में मक्के के खेत में घुसा भालू, दो किसानों पर हमला

0

आबूरोड (सिरोही)। सिरोही जिले के निचलागढ़ क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मक्के की फसल के बीच एक हिंसक भालू पहुंच गया। खेत में काम कर रहे दो किसानों पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों किसान घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, वन नाका एवं तहसील देलदर क्षेत्र के निचलागढ़ गांव की वेराफली में रविवार दोपहर बाद किसान भेरा पुत्र रूपा (75) अपने मक्के के खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भालू खेत में पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। भालू ने पंजों और नाखूनों से उनके सिर, हाथ, मुंह तथा आंखों के आसपास वार किए। सिर पर गहरे घाव लगने से भेरा मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।

किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख भालू वहां से भागकर समीप के दूसरे खेत में जा घुसा। उस खेत में गमा पुत्र सोमा (40) कृषि कार्य कर रहे थे। भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में गमा के शरीर के कई हिस्सों पर नाखूनों के गहरे घाव आए और वह भी लहूलुहान हो गए।

इसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना के बाद दोनों घायलों के परिजन उन्हें रविवार शाम उप जिला अस्पताल आबूरोड लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घटना के बाद निचलागढ़ की वेराफली क्षेत्र में दहशत का माहौल है। किसानों में खेतों में काम करने के दौरान वन्यजीवों के हमले का डर बना हुआ है। वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की जा रही है।