वाशिंगटन। व्हाइट हाउस ने ट्रंप टीवी शुरू करने की घोषणा की है। यह घोषणा अमरीका के कई प्रमुख मीडिया संस्थानों द्वारा अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बहिष्कार करने की बात कहे जाने के बाद सामने आ रही है।
व्हाइट हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ‘ट्रंप टीवी: द एसेंशियल्स स्टेशन’ नाम से एक लाइवस्ट्रीम की घोषणा की गई, जिसका प्रसारण रात 11 बजे ग्रीनविच समय (भारतीय समयानुसार तड़के 4:30 बजे) से शुरू हुआ।
वीडियो के विवरण में कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों को एक ही जगह देखें। प्रमुख वीडियो, महत्वपूर्ण संबोधन और जरूरी झलकियां 24 घंटे, सातों दिन प्रसारित की जाएंगी और इन्हें वास्तविक समय में अपडेट किया जाएगा। सूचित रहें और ताजा जानकारी से जुड़े रहें।
ट्रंप ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह सीएनएन, एमएस नाउ और पॉलिटिको के पत्रकारों को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित कर रहे हैं। उन्होंने इन तीनों संस्थानों को फर्जी बताया था। इन तीनों मीडिया संस्थानों ने सोमवार को कहा कि वे पत्रकारों को व्हाइट हाउस की मान्यता से वंचित करने के खिलाफ अमरीकी प्रशासन पर मुकदमा कर रहे हैं।
ट्रंप की घोषणा के जवाब में कई प्रसारण संस्थानों ने प्रशासन पर अमरीकी संविधान के प्रथम संशोधन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, जो अभिव्यक्ति और प्रेस की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। इन संस्थानों ने ट्रंप की गतिविधियों की कवरेज के बहिष्कार की घोषणा की। फॉक्स न्यूज, एबीसी, सीबीएस, एनबीसी, द न्यूयॉर्क टाइम्स और द वॉशिंगटन पोस्ट भी इस बहिष्कार में शामिल हो गए हैं।



