सबरीमाला में भगवान अयप्पा का सोने का मुकुट चोरी, स्ट्रॉन्ग रूम में नकली मुकुट रखा मिला

2

तिरुवनंतपुरम। केरल के प्रसिद्ध में भगवान अयप्पा के सोने के मुकुट के कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है। मंदिर के स्ट्रॉन्ग रूम में रखा 55.75 सॉवरेन वजन का मुकुट अपनी जगह नहीं मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वहां असली मुकुट के स्थान पर नकली मुकुट रखा हुआ पाया गया। इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और बहुमूल्य धार्मिक वस्तुओं के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया है कि यह मुकुट वर्ष 2012 में तमिलनाडु के एक श्रद्धालु ने भगवान अयप्पा को दान किया था। 55.75 सॉवरेन वजन का यह स्वर्ण मुकुट मंदिर की बहुमूल्य धार्मिक वस्तुओं में शामिल था। मुकुट के गायब होने और उसकी जगह नकली मुकुट मिलने से मंदिर प्रशासन में भी हलचल मच गई है।

CCTV की निगरानी से बाहर रखा था मुकुट, सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुकुट को ऐसी जगह रखा गया था, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी। ऐसे में यह पता लगाना जांच का अहम पहलू होगा कि मुकुट को स्ट्रॉन्ग रूम से कब और किन परिस्थितियों में हटाया गया तथा उसकी जगह नकली मुकुट किसने रखा।

त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के. जयकुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा में हुई चूक की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले को केरल उच्च न्यायालय के संज्ञान में भी लाया जाएगा।

मंदिर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

सबरीमाला मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दान की गई बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन और संबंधित देवस्वोम बोर्ड की होती है। फिलहाल मुकुट के गायब होने की परिस्थितियों, नकली मुकुट वहां किसने रखा और घटना में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, जैसे सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।