मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन और फिल्मकार आर बाल्की करीब 17 साल बाद एक बार फिर किसी फिल्म के लिए साथ आए हैं। दोनों ने एक नई तमिल फिल्म पर काम शुरू कर दिया है और इसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। इससे पहले विद्या ने बाल्की के निर्देशन में वर्ष 2009 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘पा’ में काम किया था।
विद्या बालन ने सोशल मीडिया के जरिए अपने नए प्रोजेक्ट की झलक प्रशंसकों के साथ साझा की। सेट से सामने आई तस्वीर में वह कुर्सी पर बैठी हाथ में फिल्म की स्क्रिप्ट लिए नजर आ रही हैं। चश्मा और लंबी चोटी वाला उनका सादा लुक भी ध्यान खींच रहा है। उन्होंने पोस्ट के जरिए आर. बाल्की के साथ इस तमिल फिल्म को एक नई शुरुआत बताया।
हालांकि फिल्म को लेकर निर्माताओं ने फिलहाल ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इसका आधिकारिक शीर्षक, कहानी, विद्या के किरदार और अन्य प्रमुख कलाकारों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रोजेक्ट से जुड़ी और घोषणाओं का इंतजार है।
आर बाल्की चीनी कम, पा, पैड मैन, चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट और घूमर जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। विद्या और बाल्की का लंबे अंतराल के बाद फिर साथ आना इस प्रोजेक्ट को खास बनाता है।
विद्या बालन इन दिनों तमिल सिनेमा में भी सक्रिय हैं। वह रजनीकांत अभिनीत जेलर 2 में कांथा की भूमिका में नजर आएंगी। इससे पहले तमिल सिनेमा में वह अजित कुमार की नेरकोंडा पारवई में विशेष भूमिका निभा चुकी हैं।



