मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार सुबह एक पिज्जा शॉप में अचानक हुए तेज धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अगवानपुर स्थित शेरुआ चौराहे पर हुई इस घटना में दुकान संचालक समेत पांच लोग घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में पिज्जा शॉप संचालक बृजपाल (45) गंभीर रूप से झुलस गए। उनके अलावा एक महिला राहगीर समेत चार अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
शेरुआ चौराहा निवासी दीन दयाल का मकान है। मकान में ऊपर परिवार रहता है जबकि नीचे दुकान बनी हुई है। उन्हीं दुकानों में अगवानपुर निवासी ब्रजपाल पिज्जा रेस्टाेरेंट चलाते हैं। शुक्रवार सुबह रेस्टाेरेंट खुला। करीब 10.20 बजे कर्मचारी पिज्जा बनाने लग गए।
तभी सिलिंडर ने आग पकड़ ली और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इससे रेस्टोरेंट के दरवाजे टूट गए और मकान की दीवार में दरारें आ गई। तेज धमाका होने के चलते आसपास के लोगों में खलबली मच गई। रेस्टारेंट में शिवम, अरुण, यश, ब्रजपाल समेत पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची
धमाके की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कराते हुए आसपास के लोगों को दूर किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक स्तर पर घटनास्थल की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुकान में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।
धमाके के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी
सुबह के समय दुकान में अचानक तेज आवाज के साथ धमाका होने से आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दुकान संचालक बृजपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फिलहाल धमाके की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही धमाके के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



