नोएडा। नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग में शनिवार को एक युवक ने 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-126 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है। वह हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर का रहने वाला बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग में स्थित एक कमरे में अकेले ठहरा हुआ था। उसने कथित तौर पर कमरे की बालकनी से छलांग लगा दी।
एक दिन के लिए कमरे में ठहरा था युवक
पुलिस के मुताबिक संभव जैन ने बिल्डिंग में एक दिन के लिए कमरा लिया था। घटना के समय वह कमरे में अकेला था। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बिल्डिंग में मौजूद लोगों और घटना से जुड़े अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की ठोस वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।



