दुबई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने दोनों टीमों पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया है। भारत के खिलाड़ियों की मैच फीस में 20 प्रतिशत, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की मैच फीस में 10 प्रतिशत की कटौती की गई है।
मैच के दौरान निर्धारित समय और अनुमत समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भारत चार ओवर कम और वेस्टइंडीज दो ओवर कम पाए गए। ICC के इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने दोनों टीमों के खिलाफ यह कार्रवाई की।
ICC के नियमों के मुताबिक, न्यूनतम ओवर रेट से जुड़े उल्लंघन पर प्रत्येक कम ओवर के लिए खिलाड़ी की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इसी प्रावधान के तहत भारत पर चार ओवर कम होने के कारण 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर दो ओवर कम होने के कारण 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
दोनों कप्तानों ने स्वीकार की गलती
इस मामले में दोनों टीमों के कप्तानों ने आरोप और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैच में अंपायरों की टीम ने धीमी ओवर गति से जुड़े आरोप दर्ज किए थे।
वेस्टइंडीज ने दर्ज की यादगार जीत
धीमी ओवर गति पर कार्रवाई के बावजूद तीसरे वनडे का नतीजा वेस्टइंडीज के लिए बेहद खास रहा। सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाने के बाद वेस्टइंडीज ने न्यू चंडीगढ़ में भारत को हराकर वनडे सीरीज का समापन जीत के साथ किया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 351 रन बनाए थे। जवाब में कप्तान शाई होप की नाबाद 162 रन की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 352 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह पुरुष वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा।
भारत ने हालांकि तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। अब दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में आमने-सामने होंगी, जिसका पहला मुकाबला 6 अक्टूबर से खेला जाएगा।



