मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के उत्तर-पश्चिमी राज्य सिनालोआ के मजाटलान शहर स्थित ‘एल कैस्टिलो’ जेल में कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक बच्चे समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। घटना के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रांतीय सार्वजनिक सुरक्षा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जेल परिसर में कैदियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई झड़प में नौ कैदियों और एक बच्चे की जान चली गई। घटना में घायल हुए 16 कैदियों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में नाबालिग बच्चा भी शामिल
सिनालोआ के सार्वजनिक सुरक्षा सचिव सिनुहे टेलेज ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में मृतकों में एक नाबालिग बच्चे के शामिल होने की पुष्टि की। जेल परिसर में बच्चे की मौजूदगी और उसकी मौत से जुड़े परिस्थितियों के विस्तृत विवरण की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद प्रशासन की ओर से हालात का जायजा लिया गया और घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई। जेल के भीतर हिंसा किस वजह से शुरू हुई और इसमें कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है।
हिंसा के कारणों की जांच जारी
जेल में हुई इस घटना के पीछे कैदियों के बीच आपसी विवाद, गुटीय संघर्ष या अन्य कारणों की भूमिका रही या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। अधिकारियों की ओर से घटना से संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
एक जेल परिसर में इस तरह की हिंसक घटना ने कैदियों की सुरक्षा और जेल प्रशासन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक के बारे में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।



