बेंगलूरु में एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उठा मामला, भास्कर राव ने आव्रजन नियमों के पालन की जांच कराने का किया आग्रह
बेंगलूरु। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बेंगलुरु में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर नया विवाद सामने आया है।
बेंगलूरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से राठी की नागरिकता, भारत में प्रवेश और वीजा संबंधी स्थिति की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर यह स्पष्ट करने का आग्रह किया है कि राठी जिस अनुमति के आधार पर भारत में रह रहे हैं, उसकी शर्तों के तहत राजनीतिक प्रदर्शन में भाग लेना उनके लिए अनुमत है या नहीं।
राव ने आठ अक्टूबर को बेंगलूरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित एसआईआर विरोधी कार्यक्रम में राठी की भागीदारी का हवाला देते हुए यह मुद्दा उठाया। इस प्रदर्शन में अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज तथा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके सहित अन्य लोग भी शामिल हुए थे।
गृह मंत्रालय से किन बिंदुओं पर मांगी जांच?
भास्कर राव ने अपने पत्र में ध्रुव राठी की मौजूदा नागरिकता और राष्ट्रीयता की पुष्टि करने के साथ यह पता लगाने का अनुरोध किया है कि उन्होंने भारत में प्रवेश के लिए किस देश का पासपोर्ट इस्तेमाल किया। इसके अलावा, भारत में रहने के लिए उनके पास किस श्रेणी का वीजा या अन्य अनुमति है और उनके प्रवास पर कौन-सी शर्तें लागू होती हैं, इसकी भी जांच की मांग की गई है।
पत्र में यह सवाल भी उठाया गया है कि क्या किसी विदेशी नागरिक को भारत में रहते हुए संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज से जुड़े राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने, उसे संबोधित करने या ऐसी गतिविधियों से जुड़ने की अनुमति है। यदि ऐसी गतिविधियों के लिए किसी विशेष अनुमति या पूर्व स्वीकृति की जरूरत है, तो उसका पालन हुआ या नहीं, यह भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है।
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग
राव ने कहा है कि यदि जांच में विदेशी अधिनियम, वीजा शर्तों, आव्रजन नियमों, ओसीआई संबंधी प्रावधानों या अन्य लागू कानूनों का उल्लंघन सामने आता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अपने अनुरोध को ध्रुव राठी के राजनीतिक विचारों से अलग बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सरकार या निर्वाचन आयोग की आलोचना का विरोध करना नहीं, बल्कि भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों पर लागू कानूनी प्रावधानों के पालन को सुनिश्चित करना है।
भास्कर राव वर्ष 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चामराजपेट सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी साझा किया।
एसआईआर के विरोध में शामिल हुए थे ध्रुव राठी
आठ अक्टूबर को बेंगलूरु के फ्रीडम पार्क में एसआईआर के मुद्दे पर ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दे उठाए गए। ध्रुव राठी और प्रकाश राज ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।



