भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और कुंवर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी भोंडा गांव और एक नावर गांव का निवासी बताया गया है।
यह मामला वैर क्षेत्र के भोंडा गांव में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है, जिसमें ग्रामीणों की उग्र भीड़ के हमले के दौरान पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
गिरफ्तारी के बाद जांच में जुटी पुलिस
भरतपुर एसपी राजेश मीणा ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अनुसंधान करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी जब्त किया गया है. उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ी हलचल
पूर्व विधायक की हत्या के बाद भोंडा और आसपास के गांवों में घटना को लेकर चर्चा और हलचल बढ़ गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि हिंसा के कारणों और उसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई थी।



