हरिद्वार में माहौल बिगाड़ने पर 16 महिलाएं अरेस्ट, रेलवे गेट के सामने मचा था हंगामा

0

हरिद्वार। उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में रेलवे स्टेशन के पास महिलाओं के दो गुटों के बीच विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। घटना शिवमूर्ति चौक के निकट रेलवे गेट नंबर-5 के सामने की बताई जा रही है। सार्वजनिक स्थान पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

पुलिस के अनुसार गुरुवार अक्टूबर को कोतवाली नगर हरिद्वार की टीम शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट नंबर-5 की ओर होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर महिलाओं के दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद पर पड़ी।

राहगीरों को आकर्षित करने को लेकर विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच आने-जाने वाले राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला हाथापाई की स्थिति तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों की कुल 16 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।