ट्रिपल इंजन सरकार से गांवों में तीन गुना तेज होगा विकास : भजनलाल शर्मा

0

पंचायत चुनावों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
टोंक/जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अब पंचायत चुनावों में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की सरकार बनने से ट्रिपल इंजन सरकार का लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को तीन गुना गति देने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को टोंक जिले के डिग्गी में टोंक और सवाई माधोपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने निकाय चुनावों में पार्टी की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में भी इसी समर्पण के साथ काम करते हुए गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाए।

हर ग्राम पंचायत में पांच साल में पांच करोड़ के विकास कार्यों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास विकसित राजस्थान की आधारशिला है। सरकार के ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र, ग्राम सेवा सहकारी समिति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंटरनेट सुविधा, स्वास्थ्य केंद्र, सोलर लाइट, खेल मैदान और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाने का लक्ष्य है। इसके अलावा किसानों की सम्मान निधि बढ़ाकर 12 हजार रुपए करने, 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

टोंक और सवाई माधोपुर में विकास कार्यों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने बताया कि टोंक जिले में पिछले पौने तीन वर्षों के दौरान 3,841 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें बीसलपुर परियोजना के तहत 102 करोड़ रुपये से अधिक के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य तथा निवाई, डिग्गी और लांबा हरिसिंह में 92 करोड़ रुपये की शहरी पेयजल योजनाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसी प्रकार सवाई माधोपुर जिले में 17,173 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगतिरत होने की जानकारी देते हुए उन्होंने सूरवाल से कुस्तला तक 130 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बाईपास और सवाई माधोपुर तथा रईथांकलां में 400-400 केवी के जीएसएस निर्माण का भी उल्लेख किया।

बूथ मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को पार्टी और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने और ग्रामीण मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है।