बिजनौर/धामपुर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक युवती ने युवक पर अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर उसके साथ संबंध बनाने, करीब सात साल तक साथ रहने तथा शादी की मांग करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसके तीन बच्चे हुए, जिन्हें युवक ने अपने पास रख लिया। मामले में धामपुर कोतवाली पुलिस ने संदीप उर्फ सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र के चनियाव गांव की रहने वाली 28 वर्षीय युवती की वर्ष 2019 में चंडीगढ़ में एक युवक से मुलाकात हुई थी। युवती एक मॉल में नौकरी करती थी, जबकि युवक ऑटो चलाता था। आरोप है कि युवक ने उस समय अपना नाम संदीप बताया। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे और उनके तीन बच्चे हुए।
बच्चे के टीकाकरण के दौरान सामने आई पहचान
युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि पहले बच्चे के टीकाकरण के लिए अस्पताल जाने के दौरान युवक के आधार कार्ड से उसकी वास्तविक पहचान का पता चला। पीड़िता के मुताबिक, युवक का असली नाम सलमान पुत्र जाहिद अहमद है और वह बिजनौर जिले के धामपुर कोतवाली क्षेत्र के हबीबवाला गांव का निवासी है। शिकायत के अनुसार अपनी स्थिति और सहारे की कमी के चलते युवती उसके साथ रहती रही। उसने आरोप लगाया कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में भी वह उसके साथ रहने को मजबूर रही।
शादी की बात पर मारपीट का आरोप
पीड़िता के मुताबिक कुछ समय पहले युवक उसे अपने गांव हबीबवाला ले आया, जहां वह करीब एक महीने तक रही। इस दौरान जब उसने शादी करने की बात कही तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। युवती का आरोप है कि इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया और उसके तीनों बच्चों को युवक ने अपने पास रख लिया। पीड़िता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और अपने तथा बच्चों के लिए न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
धामपुर कोतवाली प्रभारी धीरज सोलंकी के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर संदीप उर्फ सलमान पुत्र जाहिद अहमद, निवासी हबीबवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।



