रांची। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को कुचल दिया। हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास रात करीब 10 बजे हुआ। बताया जाता है कि एक स्कूटी सवार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा था। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनी के लोग मदद के लिए घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक स्कूटी सवार को झाड़ियों से निकालने का प्रयास कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे भी घटनास्थल के आसपास जमा हो गए।
इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो परिवारों के सात लोगों की गई जान
हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मृतकों में बिरसा नायक की पत्नी काशिला देवी, उनकी बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक शामिल हैं। इसी परिवार की एक अन्य बच्ची खुशबू भी हादसे में घायल हुई।
दूसरे परिवार की फगन सांगा, करमी लोहराइन, 12 वर्षीय सुभानी कुमारी और आठ वर्षीय सोनी कुमारी की भी जान चली गई। बताया गया कि परिवार का एक सदस्य राजेश रोजगार की तलाश में कुछ दिन पहले ही गुजरात गया था। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और उसका सहायक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और दोनों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण चालक सड़क किनारे खड़े लोगों को समय पर नहीं देख पाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को ग्रामीणों ने कर्रा रेलवे गेट के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फरार चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर उपचार की कामना की।



