मुंबई। अभिनेत्री निमृत कौर अहलूवालिया जल्द ही अपने नए प्रोजेक्ट में एक अलग और रोमांटिक अंदाज में दर्शकों के सामने नजर आएंगी। अपने अभिनय के नए पक्ष को तलाशने के लिए उन्होंने इस बार रोमांटिक भूमिका चुनी है। अभिनेत्री ने हाल ही में भोपाल में इस प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी कर ली है और अब दर्शकों के बीच इसकी पहली झलक साझा करने को लेकर उत्साहित हैं।
निमृत ने सोशल मीडिया पर शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में उनका बदला हुआ अंदाज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने उनकी तस्वीरों को पसंद किया है। वहीं अभिनेत्री मौनी रॉय और कृष्णा श्रॉफ ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें नए प्रोजेक्ट के लिए शुभकामनाएं दीं।
शूटिंग पूरी होने पर निमृत ने कहा कि भोपाल में इस प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी करना उनके लिए खास अनुभव रहा। एक कलाकार के तौर पर अलग-अलग किरदारों को निभाना हमेशा रोमांचक होता है। इस बार रोमांटिक अंदाज में काम करना उनके लिए एक नया और सुखद अनुभव रहा है। उन्होंने मौनी रॉय और कृष्णा श्रॉफ के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार भी जताया।
नए किरदार के जरिए दिखेगा अभिनय का अलग पक्ष
निमृत कौर अहलूवालिया इससे पहले टेलीविजन धारावाहिकों और रियलिटी शो के जरिए दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्हें टीवी धारावाहिक ‘छोटी सरदारनी’ और रियलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ से खास लोकप्रियता मिली। इसके अलावा वह ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ में भी नजर आ चुकी हैं।
हाल ही में वह संजय कपूर, मौनी रॉय और अविनाश मिश्रा के साथ वेब सीरीज ‘अब होगा हिसाब’ में दिखाई दी थीं। नए प्रोजेक्ट में उनका रोमांटिक किरदार उनके अभिनय सफर का एक नया अनुभव होगा।
फिलहाल निर्माताओं ने इस प्रोजेक्ट के नाम, अन्य कलाकारों और रिलीज की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। भोपाल में शूटिंग पूरी होने के बाद अब दर्शकों को इसके अगले अपडेट और पहली झलक का इंतजार है।



