
सबगुरु न्यूज-सिरोही। सिरोही में ही नगर पालिका और पंचायत समिति चुनावों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड, भाजपा की जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी और भजनलाल सरकार के मंत्री व सिरोही विधायक ओटाराम देवासी प्रचार के दौरान कांग्रेस मुक्त सिरोही के दावे करते रहते थे। लेकिन, अहंकार में डूबे तीनो ही नेताओं को सिरोही की ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने ऐसा सबक सिखाया कि भाजपा को अपने स्थापना के 1980 वाली स्थिति में लाकर पटक दिया। ग्रामीण सिरोही ने शिवगंज पंचायत समिति को भाजपा मुक्त कर दिया है। जिला परिषद में जनता ने शिवगंज के साथ-साथ सिरोही, आबूरोड और भावरी को भी भाजपा मुक्त कर दिया है। ये हाल तब है जब भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी शिवगंज पंचायत समिति मुख्यालय की हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन दिलावर व सिरोही के विधायक व भजनलाल सरकार के मंत्री ओटाराम देवासी इस पंचायत समिति की सीमा से सटे सुमेरपुर से।
जिला परिषद की 27 में से 22 सीटें कांग्रेस को मिली। पिछले छब्बीस साल के ग्रामीण चुनावों के इतिहास में कांग्रेस को ये अभूतपूर्व सफलता कभी नहीं मिली थी जो इस बार मिली है। इससे पहले कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत 2005 में आया था तब 21 में से 15 सीटें मिली थीं। जो कि कुल सीटों को 71.5 प्रतिशत था। लेकिन, इस बार कांग्रेस ने भाजपा के 2021 के रेकार्ड को भी तोडते हुए 27 में से 22 सीटें जीतकर कुल सीटों की 82 प्रतिशत सीटें जीत ली हैं। भाजपा को इस बार का जो प्रदर्शन है उतना खराब प्रदर्शन कभी कांग्रेस ने भी नहीं किया था। कांग्रेस को सबसे कम 4 सीट 2021 में मिली थी जो कि 19 प्रतिशत थी, लेकिन, इस बार भाजपा को 27 में से सिर्फ 5 सीटें मिली हैं जो कि कुल सीटों का 18 प्रतिशत है।
सिरोही विधानसभा की शिवगंज पंचायत समिति की 4 में से 4, सिरोही पंचायत समिति की तीन में से तीन सीटें जीतकर भाजपा को यहां से साफ कर दिया है। वहीं रेवदर विधानसभा की आबूरोड पंचायत समिति क्षेत्र की जिला परिषद की चारों सीटों में से एक भी भाजपा के खाते में नहीं गई जबकि यहां की दो सीटें तो पूरी तरह से भाजपा का गढ मानी जाती हैं। इसी तरह भावरी पंचायत समिति में भी जिला परिषद की तीन सीटों में से एक भी सीट भाजपा के खाते में नहीं गई। पिण्डवाडा पंचायत समिति में जिला परिषद की दो तथा कालंद्री, रेवदर और मंडार पंचायत समिति में सिर्फ एक-एक सीटें मिली हैं। ओटाराम देवासी के करीबी छगनलाल घांची वार्ड संख्या 2 से हार गए हैं। लुम्बाराम चैधरी और रक्षा भंडारी के खास सिपहसालार और भाजपा के जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड को कांग्रेस के गुमानसिंह देवडा ने वार्ड संख्या चार से हराया। इसी तरह भाजपा के एक और जिला महामंत्री रामलाल राणौरा भी आबरोड पंचायत समिति में स्थित वार्ड संख्या 15 से हार गए हैं।
पंचायत समिति में भी जनता ने शिवगंज पंचायत समिति को भाजपा मुक्त कर दिया है। यहां पर 19 में से 17 सीटें कांग्रेस को और दो सीटें निर्दलीय को मिली। भाजपा को जीरों सीटों से संतोष करना पडा है। वहीं सिरोही पंचायत समिति की 15 सीटों में से 11 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है, वहीं भाजपा को चार पर संतोष करना पडा है। इस पंचायत समिति में भी डेढ दशक बाद कांग्रेस को इतना बडा मेंडेट मिला है। सिरोही से अलग होकर बनी नई पंचायत समिति कालन्द्री को भाजपा का गढ माना जाता है। लेकिन, यहां पर भी भाजपा को मुंह की खानी पडी है। यहां पर कांग्रेस को 15 में से नौ सीटें मिली हैं, वहीं भाजपा को सिर्फ छह सीटें मिली हैं।
रेवदर विधानसभा की तीन पंचायत समितियों में से रेवदर में जरूर भाजपा के लिए अच्छा संदेश आया है। यहां पर 21 सीटें हैं। इनमें से भाजपा के पास 10, कांग्रेस के पास 8 और तीन सीटों पर निर्दलीय जीते हैं। इस पंचायत समिति में कांग्र्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष आनन्द जोशी और वर्तमान विधायक मोतीराम कोली के करीबी व कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता हर्षुल अग्रवाल की पत्नी को हार का सामना करना पडा है। रेवदर पंचायत समिति से कटकर नई पंचायत समिति बनी है मंडार। यहां पर कुल 15 वार्ड हैं। इनमें से 10 सीटों पर कांग्रेस जीती है और पांच में भाजपा। आबूरोड पंचायत समिति ने हर बार की तरह इस बार भी भाजपा को पांव नहीं टिकाने दिया। इस बार तो ये पंचायत समिति भी भाजपा मुक्त होने से बाल-बाल बची है। यहां पर कुल 23 वार्ड हैं जिसमें से भाजपा सिर्फ एक वार्ड में जीती है। 16 वार्डों में कांग्रेस और 2 पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। भारत आदिवासी पार्टी की दस्तक इस पंचायत समिति में हो चुकी हैं। उसने यहां पर दो सीटें जीती हैं।
पिण्डवाडा विधानसभा की पिण्डवाडा पंचायत समिति को काटकर भावरी को नई पंचायत समिति बनाया था। इसी पंचायत समिति के मुख्य शहर सरूपगंज से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक जिले की पार्टी की गतिविधियां संचालित करते थे। यहां पर भाजपा की सबसे ज्यादा दुर्गत हुई। भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष नितिन बंसल अपने गृह वार्ड से ही भाजपा को नहीं जितवा पाए। भाजपा के जिला मंत्री पवन राठौड भी यहां से हार गए। कांग्रेस को यहां पर 19 में से 11 वार्डों में जीत मिली है। भाजपा को 4 में और निर्दलीय को 2 वार्डों में जीत मिली है। आदिवासी बहुल इलाका होने से यहां भी भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी दो सीटें जीते हैं। इस विधानसभा की पिण्डवाडा पंचायत समिति में 11 सीटों पर कांग्रेस जीती है। वहीं 5 में भाजपा और 2 पर भारत आदिवासी पार्टी जीती है। कुल मिलाकर कांग्रेस ने एकजुट होकर निजी स्वार्थों को साधने में लगे भाजपा के नेताओं को जनता के साथ मिलकर बुरी तरह से धराशाई कर दिया। इस पूरे परिणाम की सबसे महत्वपूर्ण बात ये रही कि मतदाताओं ने भाजपा के विकल्प के रूप में किसी और पार्टी या निर्दलीयों की बजाय कांगे्रस को चुना। प्रदेश में जिस पार्टी की सरकार है उसका ग्रामीण चुनावों में इतना खराब प्रदर्शन सिरोही जिले में इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला।


