मथुरा की ओर सनातन का रथ मोड़ने के लिए सभी को एकजुट होना होगा : धीरेंद्र शास्त्री

0

ट्रोलर्स से पूछा- विरोध कर लिया, अब बांके बिहारी के लिए कब आओगे?
मथुरा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और संतों से मुलाकात की। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पूर्व में दिए गए अपने बयान पर हुए विवाद और सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच उन्होंने विरोधियों को जवाब देते हुए मथुरा-वृंदावन आने और सनातन के मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने की चुनौती दी।

मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह ठाकुरजी के दर्शन और प्रार्थना करने आए हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वालों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर का विरोध करने और उनके खिलाफ पोस्ट डालने का काम तो बहुत कर लिया, अब बांके बिहारी के लिए मैदान में कब उतरेंगे? वृंदावन और मथुरा कब आएंगे? उन्होंने सवाल किया कि मथुरा पर लगे ऐतिहासिक कलंक को मिटाने के लिए लोग कब एकजुट होंगे?

बोले- हम साधु हैं, राजनीति से कोई सरोकार नहीं

राजनीतिक प्रचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वह साधु हैं और उनका राजनीति से कोई सरोकार नहीं है। वह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का प्रचार नहीं करते, बल्कि हनुमानजी और बांके बिहारी के भक्त हैं। उनका उद्देश्य हिंदुत्व का प्रचार करना और समाज को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में हिंदू हैं, इसलिए उनका अभियान किसी एक दल तक सीमित नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह बांके बिहारी के दर्शन के लिए पहले भी आते रहे हैं और आगे भी आते रहेंगे। ब्रजभूमि से अपने लगाव का जिक्र करते हुए उन्होंने जल्द ही ब्रजवासी बनने और यहां निवास करने की इच्छा भी जताई।

भाषा में त्रुटि हो सकती है, भाव में नहीं : शास्त्री

भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पूर्व में की गई टिप्पणी पर उठे विवाद के संदर्भ में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कथा के दौरान भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन उनके भाव में कोई खोट नहीं है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को उनके खिलाफ बोलने और ट्रोल करने का बहाना चाहिए।

गौरतलब है कि इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में उनकी एक टिप्पणी को लेकर मथुरा और वृंदावन के कुछ संतों, धर्माचार्यों तथा धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। कुछ संगठनों ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की थी। बाद में इस मुद्दे पर संतों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

हिंदुओं को जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान

धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू समाज से जातिगत भेदभाव समाप्त कर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सनातनी समाज एकजुट नहीं होगा तो मंदिरों, देवालयों और तीर्थस्थलों की सुरक्षा को लेकर चुनौतियां बनी रहेंगी।

उन्होंने नारा दिया, “जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हैं हिंदू भाई-भाई।” उन्होंने कहा कि वह हिंदुओं, हिंदुत्व और हिंदुस्तान के लिए पहले भी काम करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। इसके लिए उन्हें चाहे कितनी ही कठिनाइयों का सामना क्यों न करना पड़े।

संतों से मुलाकात और कन्यादान कार्यक्रम में भी हुए शामिल

वृंदावन प्रवास के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सबसे पहले संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और गौरी गोपाल आश्रम में आयोजित बेटियों के कन्यादान एवं विवाह उत्सव में शामिल होने का कार्यक्रम रखा।

उन्होंने ब्रजवासियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके चरणों में दंडवत प्रणाम किया और बांके बिहारीजी से अपने विरोधियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करने की बात कही। उनके वृंदावन दौरे के दौरान मंदिर दर्शन, संतों से मुलाकात और उनके बयानों को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही।