धूम्रपान से रोकने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने चाय की दुकान में की तोड़फोड़, CCTV में कैद हुई घटना

0

अगरतला। त्रिपुरा में आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब खोवाई जिले के पार्टी अध्यक्ष समीर दास पर धूम्रपान करने से रोकने वाली महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता और चाय की दुकान में तोड़फोड़ करने के आरोप लगे। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद गहरा गया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना शनिवार (21 नवंबर) को खोवाई में राधानगर स्टैंड के पास एम बाजार के सामने स्थित ‘कोरोक चायेर आड्डा’ नामक चाय की दुकान पर हुई। बताया गया है कि भाजपा के खोवाई जिलाध्यक्ष समीर दास पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संजीब देबबर्मा और जिला कमेटी के कोषाध्यक्ष सागर देब के साथ दुकान पर पहुंचे थे। सागर देब खोवाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 11 से भाजपा के उम्मीदवार भी हैं।

आरोप है कि दुकान में चाय पीने के दौरान नेताओं ने सिगरेट पीना शुरू कर दिया। दुकान को नो-स्मोकिंग जोन घोषित किए जाने के कारण वहां मौजूद महिला कर्मचारी ने उनसे परिसर में धूम्रपान नहीं करने और बाहर जाकर सिगरेट पीने का अनुरोध किया। बताया जाता है कि सागर देब ने महिला की बात मानकर कुछ दूरी बना ली, लेकिन जिलाध्यक्ष समीर दास इस आपत्ति से नाराज हो गए।

इसके बाद महिला कर्मचारी और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि समीर दास ने महिला से अपने राजनीतिक पद का रौब दिखाते हुए पूछा कि क्या वह जानती है कि वह कौन हैं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दुकान के फर्नीचर तथा अन्य सामान में तोड़फोड़ की गई।

सीसीटीवी फुटेज में तोड़फोड़ का दावा

दुकान प्रबंधन का दावा है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। दुकान संचालकों के अनुसार फुटेज में समीर दास, उनके वाहन चालक और सानू नामक एक अन्य युवक दुकान में सामान को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। महिला कर्मचारी ने कथित तौर पर कई बार माफी मांगकर विवाद शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद तोड़फोड़ जारी रही।

आरोपों के मुताबिक, घटना के कुछ समय बाद भाजपा नेता सागर देब दोबारा दुकान पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे का रिकॉर्डिंग बॉक्स ले जाने का प्रयास किया। हालांकि दुकान कर्मचारियों ने बताया कि कैमरा मोबाइल फोन से जुड़ा हुआ है, जिसके बाद वह वहां से चले गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जांच का भरोसा दिया

घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा की स्थानीय नेतृत्व व्यवस्था और नेताओं के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासकर नगर निकाय चुनावों के ठीक पहले एक महिला कर्मचारी के साथ कथित दुर्व्यवहार और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों ने पार्टी को राजनीतिक रूप से असहज कर दिया है।

यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। एक सामान्य चाय दुकान में धूम्रपान करने से रोकने पर विवाद और फिर कथित तोड़फोड़ की घटना ने राजनीतिक पद पर बैठे लोगों की जवाबदेही तथा सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर बहस छेड़ दी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और पार्टी की जांच के परिणाम पर सबकी नजरें टिकी हैं।