भव्य समारोह के साथ अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का समापन
पशु प्रतियोगिताओं में अजमेर के मानमल जोशी के पशु छाए
अजमेर। राजस्थान की धार्मिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री पुष्कर मेला-2026 का मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर देशभर से पहुंचे दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर के पवित्र घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से ही सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। धार्मिक अनुष्ठानों, लोक संस्कृति, पशु प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले के अंतिम दिन को यादगार बना दिया।
मेले के समापन समारोह में 150 से अधिक छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। ऊंट परेड, अश्व प्रदर्शन और कला जत्था यात्रा मुख्य आकर्षण रहे। कला जत्था यात्रा में राजस्थान की विविध लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की झलक देखने को मिली। बीकानेर के रोबिले अनिल बोडा, जयपुर के प्रभु लाल मीणा का आदिवासी नृत्य, नागौर के श्रवण कुमार संखवास का मशक वादन, अजमेर के राजेश भट की कच्छी घोड़ी, टोंक निवाई के रामप्रसाद का राजस्थानी नृत्य तथा पुष्कर के राजेश नाथ की कालबेलिया प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। नरेंद्र सोलंकी के शंख वादन ने भी समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया। मेला समापन की औपचारिक घोषणा मेला मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद तंवर ने की।
पशुपालकों के लिए ऑनलाइन प्लॉट आवंटन सहित कई नवाचार
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने मेले की गतिविधियों और व्यवस्थाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले में कई नवाचार किए गए। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दूरदराज के पशुपालकों को पशुओं के आवास के लिए निःशुल्क प्लॉट उपलब्ध कराए गए। नए मेला मैदान में 24 घंटे हेल्पडेस्क संचालित की गई।
उन्होंने बताया कि मेला सलाहकार समिति की बैठकें दो माह पहले से शुरू कर दी गई थीं, जिससे पशुपालकों और पशुओं के लिए बिजली, पानी सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जा सके। नए मेला मैदान में अश्व वंश की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा ऊंटों के लिए अलग से स्वच्छ स्थान आरक्षित किया गया।
पुलिस के घुड़सवारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
समारोह में राजस्थान पुलिस अकादमी और जिला पुलिस की ओर से अश्व प्रदर्शन किया गया। पुलिस के घुड़सवारों ने स्टैंडिंग सैल्यूट, इंडिविजुअल टेंट पेगिंग और म्यूजिकल राइड का प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने भी अश्व के साथ योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रम में पशुओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मानमल जोशी की गायों ने दुग्ध उत्पादन में बनाए रिकॉर्ड
पशु प्रतियोगिताओं में अजमेर के पशुपालक मानमल सुगनचंद जोशी की गायों का विशेष दबदबा रहा। उन्हें सर्वश्रेष्ठ मेला पशु और सर्वश्रेष्ठ गिर नस्ल पशु का पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी संकर होल्स्टीन गाय ने 24 घंटे में 50 किलो 26 ग्राम तथा 36 घंटे में 75 किलो 50 ग्राम दूध देकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
दुग्ध प्रतियोगिता में गिर नस्ल की गाय ने 24 घंटे में 28 किलो 743 ग्राम और 36 घंटे में 43 किलो 115 ग्राम दूध देकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संकर होल्स्टीन गाय ने 24 घंटे में 50 किलो 26 ग्राम और 36 घंटे में 75 किलो 50 ग्राम दूध दिया। जर्सी नस्ल की प्रतियोगिता में गोपाल सुखदेव गुर्जर की गाय ने 24 घंटे में 33 किलो 563 ग्राम और 36 घंटे में 50 किलो 345 ग्राम दूध देकर पहला स्थान प्राप्त किया।
गौवंश और भैंस वंश प्रतियोगिताओं के विजेता
गौवंश प्रदर्शनी की विभिन्न श्रेणियों में सुनील रामलाल गुर्जर ने संकर एचएफ ओसर, लोकेश विशन अहीर ने संकर एचएफ शुष्क प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मानमल पुत्र सुगनचंद जोशी ने संकर एचएफ दुधारू, संकर जर्सी अदंत मादा बछड़ी, संकर जर्सी ओसर और संकर जर्सी दुधारू प्रतियोगिताओं में बाजी मारी। कालूराम मेवाराम गुर्जर ने गिर अदंत मादा बछड़ी, कुश माधव गुर्जर ने गिर ओसर तथा धनराज देवकरण जाट ने गिर शुष्क प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
मानमल सुगनचंद जोशी ने गिर दुधारू प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। रामदयाल हरकरण जाट ने गिर अदंत नर बछड़ा और गिर सांड प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की, जबकि किशोर सोलंकी नागौरी बैल वंश प्रतियोगिता में विजेता रहे।
भैंस वंश प्रतियोगिताओं में राजेश सिसोदिया ने मुर्रा नस्ल नर और रमेश बावरिया ने मादा भैंस वंश श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ऊंट और बकरी नस्लों की प्रतियोगिताओं में भी दिखा उत्साह
ऊंट वंश प्रतियोगिताओं में देवनगर के मोहन सिंह पांचू सिंह ने ऊंट मादा और ऊंट नर सवारी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुष्कर के अशोक भोपाल ऊंट नर प्रतियोगिता में विजेता रहे। वहीं रूपनगढ़ क्षेत्र की केरिया की ढाणी के जगमाल कालूराम ने ऊंटनी दुग्ध दोहन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
बकरी वंश प्रतियोगिताओं में नागौर के सुनील चावला ने सिरोही नस्ल नर दो दांत श्रेणी में जीत दर्ज की। परबतसर के पेमाराम ने सिरोही नस्ल मादा दो दांत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सूरजमल सामरिया ने सिरोही नस्ल नर और मादा चार से छह दांत श्रेणियों में जीत हासिल की। रिया गांव के पप्पूराम सोजत नस्ल नर चार से छह दांत प्रतियोगिता में विजेता रहे।
सर्वश्रेष्ठ सिरोही नस्ल बकरी का पुरस्कार सूरजमल सामरिया परबतसर को तथा सर्वश्रेष्ठ सिरोही नस्ल बकरे का पुरस्कार सूरजमल सामरिया बवाड को मिला।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला, अतिरिक्त कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं प्रवीण कुमार, पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया, उपसभापति लक्ष्मी पाराशर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पशुपालक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


