अमनबाग पैलेस होटल में करंट से संविदाकर्मी की मौत, जयपुर के अस्पताल में तोड़ा दम

0

अलवर। जिले के अजबगढ़ स्थित अमनबाग पैलेस होटल परिसर में बिजली से जुड़े काम के दौरान करंट लगने से एक संविदाकर्मी की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी को उपचार के लिए जयपुर ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान मोरडी पिपलाई निवासी महेंद्र कुमार सैनी (30) के रूप में हुई है। वह बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर संविदा के आधार पर कार्यरत था। सोमवार दोपहर होटल परिसर में ग्रिड पर काम करते समय वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए जयपुर के नीम्स अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में शोक छा गया।

मंगलवार सुबह शव से संबंधित पुलिस और पोस्टमार्टम की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, बिजली का प्रवाह कैसे आया और काम के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इन बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं। महेंद्र चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन अब परिवार के भविष्य को देखते हुए आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग कर रहे हैं।