मैक्सिको की खाड़ी में गिरा छोटा विमान, दो बच्चों समेत 6 लोगों की मौत

0

मिसिसिपी। अमरीका के मिसिसिपी तट के समीप मैक्सिको की खाड़ी में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आठ और 10 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल ने बुधवार को दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान मंगलवार को समुद्र में गिरा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 210 था। इसमें चार वयस्क और दो बच्चे सवार थे। विमान मिसिसिपी के पास्कागौला और गल्फ आइलैंड्स नेशनल सीशोर के बीच स्थित हॉर्न आइलैंड के उत्तर-पूर्व में समुद्र में गिरा।

समुद्र में घंटों चला तलाशी अभियान

अमरीकी तटरक्षक बल के प्रवक्ता के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3:45 बजे अलबामा के मोबाइल स्थित एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्र का विमान से संपर्क टूट गया था। इसके बाद तटरक्षक बल और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने समुद्र में तलाशी अभियान शुरू किया।

शुरुआती तलाशी के दौरान बचाव दल को विमान का केबिन, तीन लाइफ जैकेट और एक लाइफ राफ्ट पानी में तैरते मिले। इसके बाद गोताखोरों ने करीब चार घंटे तक खोज अभियान चलाया। अंततः मिसिसिपी समुद्री संसाधन विभाग के गोताखोरों ने विमान के मलबे के भीतर सभी छह लोगों के शव बरामद किए।

न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा जा रहा था विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार सेसना 210 विमान न्यू ऑरलियन्स से उड़ान भरकर फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान तेजी से नीचे की ओर आया और हॉर्न आइलैंड से करीब दो मील उत्तर-पूर्व में समुद्र में गिर गया।

अमरीकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना की जांच शुरू करने की बात कही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि विमान तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

तटरक्षक बल ने जताया शोक

अमरीकी तटरक्षक बल के सर्च एंड रेस्क्यू मिशन समन्वयक कमांडर ट्रेवर ब्लाउंट ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के कारण विमान में सवार सभी लोगों का पता लगाया जा सका और उनके परिवारों को स्थिति की जानकारी दी जा सकी।