बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आव्रजन पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी और फिरौती वसूली से जुड़े एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो भारतीय नागरिकों को बंधक मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के कथित सरगना अलामिन सहित पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस ने यह कार्रवाई 24 नवंबर को बैंकॉक के सुआन लुआंग जिले के फात्थानाकान 38 इलाके में स्थित तीन मंजिला टाउनहाउस में की। छापे के दौरान मकान के निचले हिस्से में पांच भारतीय संदिग्ध गांजे की पैकिंग करते मिले, जबकि दूसरी मंजिल पर दो भारतीय युवक बंधक अवस्था में पाए गए। इनमें एक युवक की कलाई टूटी हुई थी और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।
चार दिन से संपर्क नहीं होने पर परिवार ने मांगी थी मदद
थाई आव्रजन ब्यूरो के अनुसार, एक भारतीय युवक के परिवार का उससे चार दिन से संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिवार की शिकायत और भारतीय अधिकारियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर थाई पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान स्थानीय पड़ोसियों ने भी संबंधित मकान से गांजे जैसी तेज गंध आने की शिकायत की थी।
पुलिस ने दोनों सूचनाओं को जोड़कर मकान की पहचान की और छापा मारकर वहां बंधक बनाए गए दोनों भारतीयों को मुक्त करा लिया। कार्रवाई का नेतृत्व आव्रजन ब्यूरो के आयुक्त पुलिस लेफ्टिनेंट जनरल नोपासिल्प पूनसावत ने किया।
गांजे को हाथी की आकृति वाले बैग में छिपाकर भेजने की तैयारी
छापे के दौरान पुलिस को मकान में गांजे की बड़ी खेप मिली। संदिग्ध गांजे की कलियों को सूटकेस और हाथी की आकृति वाले थाईलैंड प्रिंट के कपड़े के बैग में भर रहे थे। जांच अधिकारियों के मुताबिक, इन बैग और सूटकेस में छिपाकर गांजे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस को गांजे की गंध छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सामान भी मिले। इनमें पालतू जानवरों के भोजन के बोरे और डिटर्जेंट के डिब्बे शामिल बताए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन वस्तुओं के जरिए सीमा शुल्क जांच के दौरान गांजे की गंध छिपाने की कोशिश की जाती थी।
गांजे की खेप भारत नहीं पहुंचने पर किया था अपहरण
पुलिस के अनुसार मुक्त कराए गए भारतीय युवक मोहम्मद अशार्ज ने पूछताछ में बताया कि गिरोह ने उसे चार दिन पहले अगवा किया था। गिरोह का कथित सरगना अलामिन बताया जा रहा है। आरोप है कि भारत भेजी जाने वाली गांजे की एक खेप अपने निर्धारित नेटवर्क तक नहीं पहुंचने के बाद गिरोह ने उससे जुड़े लोगों को निशाना बनाया और मोहम्मद को अगवा कर लिया।
गिरोह ने मोहम्मद की मां से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कर उसके बेटे को छोड़ने के बदले करीब 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उसकी मां ने शुरुआती तौर पर करीब 10 लाख रुपए का भुगतान भी किया था। इसके बावजूद गिरोह ने युवक को नहीं छोड़ा और उसके साथ मारपीट जारी रखी।
विरोध करने पर लोहे की रॉड से पीटा, दूसरे युवक को भूखा रखा
मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि बंधक बनाए जाने के दौरान उससे गांजे की पैकिंग कराई जाती थी। काम करने से इनकार करने या परिवार की ओर से रकम नहीं मिलने पर उसके साथ लोहे की रॉड और अन्य औजारों से मारपीट की जाती थी। इसी दौरान उसकी कलाई टूट गई। दूसरे भारतीय युवक को कथित तौर पर करीब 10 दिनों से बंधक बनाकर रखा गया था। उससे भी जबरन काम कराया जा रहा था और पर्याप्त भोजन नहीं दिया जा रहा था। पुलिस ने दोनों को थकान और चोटों की हालत में बरामद किया।
गिरफ्तार महिला पहले भी गांजा तस्करी के मामले में पकड़ी गई थी
गिरफ्तार पांच भारतीयों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला को इससे पहले भी सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसके सामान में छिपाकर रखी गई गांजे की कलियों के साथ पकड़ा था। उस मामले में वह जमानत पर बाहर थी। थाई पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, गांजे की आपूर्ति के स्रोत और भारत तक फैले कथित तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
ऑस्ट्रेलिया में पकड़े गए तस्करी मामले से भी जांच
मकान से बरामद हाथी की आकृति वाले बैग को लेकर पुलिस एक अन्य अंतरराष्ट्रीय तस्करी मामले की संभावित कड़ी भी तलाश रही है। ये बैग ऑस्ट्रेलिया में सामने आए एक अलग मादक पदार्थ तस्करी प्रकरण में इस्तेमाल हुई पैकेजिंग से मिलते-जुलते बताए गए हैं।
हालांकि, थाई आव्रजन ब्यूरो के अधिकारियों ने फिलहाल दोनों गिरोहों के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है। मामले की आगे जांच के लिए जानकारी थाईलैंड के नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड को भी भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित संपर्कों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



