
सबगुरु न्यूज-सिरोही। इधर लखमाराम कोली के जिला उप प्रमुख बनने के बाद जिला परिषद परिसर के बाहर आकर संयम लोढ़ा आशा जता रहे थे कि आठों पंचायत समितियों में बोर्ड बनाएंगे। उधर, अंबाजी में भाजपा के रेवदर के डेलीगेट्स के कैंप में जबरदस्त हंगामा मचा हुआ था। सूत्रो की मानें तो ये हड़कम्प इस बात को लेकर मचा हुए था कि भाजपा के कैंप से एक कैंडिडेट फरार होने की चर्चा थी। सूत्रों के अनुसार ये सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो चुका है और फरार हुए जनप्रतिनिधि के रिश्तेदार के साथ आबूरोड अंबाजी जंक्शन पर टोह लगा ली थी। ऐसे में अब सवाल उठने लगा है कि क्या रेवदर पंचायत समिति में फिर से 2015 दोहराएगा।
आबूरोड में अंबाजी चुंगी नाके के पास गुरुवार दोपहर बाद एकाएक पुलिस की हलचल बढ़ गई। पहले लोगों को लगा कि कोई वीआईपी आया है। पुलिस वालों के पास कुछ देर बाद सांसद लुंबाराम चौधरी आकर उतरे। वो उनसे और पास खड़े भाजपा नेताओं से गहन मंत्रणा करते नजर आये। सांसद के जाने के बाद भी पुलिस वाले नहीं हटे तो लोग इस हलचल में घुसे तो सूचना मिली कि अंबाजी के भाजपा कैंप में कुछ अनहोनी हुई है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो उस कैंप से भाजपा का एक डेलीगेट निकल भागा है। इस घटना के बाद भाजपा के नेताओं के साथ पुलिस भी सक्रिय हो गई। सूत्रों के अनुसार भागे हुए डेलीगेट के भाई चुंगी नाके के पास की ही एक होटल में बैठा रखा था वहीं रेवदर के एक और पूर्व पदाधिकारी को छापरि चौकी पर रोका हुआ था। ताकि यदि भागा हुआ डेलीगेट मिले तो वो इन लोगों के साथ बाहर नहीं निकल पाए। अब आशंका जताई जा रही है कि भाजपा के साथ रेवदर में 2015 वाला खेल नहीं है जाए।
2015 में भी रेवदर पंचायत समिति में भाजपा बहुमत में आई थी और भाजपा ने वहां के विधायक जगसीराम कोली के करीबी रंजीत कोली को प्रधान पद के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। उस समय भी तत्कालीन विधायक जगसीराम कोली के अधीन चल रहे भाजपा के कैंप से भाजपा के 5 कैंडिडेट इसी तरह से फरार हो गए थे और जाकर सीधे निर्दलीय प्रत्याशी पुंजाराम मेघवाल के कैंप में शामिल हो गए थे।भाजपा के ही डेलीगेट्स में क्रॉस वोटिंग करके निर्दलीय पूंजाराम मेघवाल को वहां का प्रधान बनवा दिया था।
जगसीराम कोली गुट के समर्थकों ने भाजपा के ही उनके विरोधी गुट के नेताओं पर इसका आरोप लगाया और पूछा था कि आखिर भागने वाले बिना अंदरूनी मदद के सीधे पूंजाराम मेघवाल के कैंप में पहुंचे कैसे थे। यही नहीं उस दौरान मधुआ जी मंदिर में हुई विधानसभा की बैठक में जगसीराम कोली समर्थकों ने तत्कालीन जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी से पार्टी से कथित गद्दारि करने वाले संदिग्ध नेता के निष्कासन की मांग की थी। उस नेता के लुंबाराम चौधरी के करीबी होने के कारण निष्कासन नहीं करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने लुंबाराम चौधरी के खिलाफ भी वहां गुस्सा निकला था। लुंबाराम चौधरी को बैठक छोड़कर आना पड़ा था।
इस बार भी 2015 की तरह भाजपा के कैंप से कैंडिडेट के फरार होने की जानकारी सामने आ रही है। इस बार भी जगसीराम कोली के करीबी गणपत सिंह निम्बोड़ा के भाजपा प्रत्याशी बनने की प्रबल संभावना नजर आ रही है। ऐसे में 2015 में दूध से जले लुंबाराम चौधरी सूचना मिलते ही कैंडिडेट की तलाश में निकल पड़े बताये जा रहे हैं।
कैंप के सूत्रों के अनुसार रेवदर के भाजपा कैंप में अभी तक किसी कैंडिडेट पर मोहर नहीं लग पाई है। वहां पर गणपतसिंह निम्बोड़ा, प्रकाश रावल और दक्षा देवड़ा के नाम पर चर्चाएं च रही हैं। वहीं नाम पर अंतिम मोहर लगाने के लिए सांसद और जिलाध्यक्ष के भी वहां पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आम सहमति बनाने के लिए सिरोही के एक नेता के बीच में पड़ने पर उन्हें जिला परिषद का चुनाव नहीं जीत पाने का उलाहना भी कैंप के भाजपा के कैंडिडेट्स से सुनना पड़ा था।
गणपतसिंह जगसीराम के विश्वस्त हैं। प्रकाश रावल और दक्षा देवड़ा सांसद और जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के विश्वस्त बताए जा रहे हैं। 21 सदस्यों वाली रेवदर पंचायत समिति में भाजपा के 11, कांग्रेस के 7 और 3 निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं। सूत्रों की मानें तो तीनों ही निर्दलीय दोनों ही खेमों से अलग तीसरी जगह पर हैं।
ऐसे में भाजपा के खेमे से नदारद कैंडिडेट कल मतदान में नहीं पहुंचता है तो भी आ पहुंचाता है तो भी भाजपा के प्रधान पद के प्रत्याशी की साँसे परिणाम आने तक अटकी हुई ही रहेगी। सिरोही जिले में इस बार आठ पंचायत समितियां हैं। जिलाध्यक्ष की गृह पंचायत समिति में भाजपा को शून्य सीटें मिली थीं। वहीं अन्य छह में भी उसका सूपड़ा साफ हो गया था। ले देकर एक रेवदर पंचायत समिति मने बहुमत आया था वहां के भी कैंडिडेट के भागने की सूचना सामने आ
रही है।


