SBI की बाल्को शाखा में 93.60 लाख के गबन का मामला : 6 साल बाद तत्कालीन मुख्य प्रबंधक अरेस्ट

0

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाल्को शाखा से 93 लाख 60 हजार 797 रुपए के कथित गबन के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को बड़ी सफलता मिली है।

जांच एजेंसी की बिलासपुर टीम ने मामले में फरार चल रहे तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया।

2018-19 के दौरान बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक एसबीआई की बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि इस दौरान उसने अपने पद और बैंकिंग अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए बैंक के तीन आंतरिक खातों से कुल 93,60,797 रुपए दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दिए।

बताया गया है कि जिन खातों से रकम निकाली गई, उनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर यह राशि आरोपी की पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और बैंक के कुछ अन्य खाताधारकों के खातों में भेजी गई थी।

वर्ष 2020 में दर्ज हुई थी शिकायत

मामले का खुलासा होने के बाद एसबीआई के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में रायपुर स्थित ईओडब्ल्यू-एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान जांच एजेंसी ने बैंक के संबंधित आंतरिक खातों के स्टेटमेंट, आरोपी की पत्नी, वाहन चालक और अन्य खाताधारकों के बैंक विवरण तथा मूल बैच ट्रांसफर और डेबिट वाउचर जब्त किए। एजेंसी के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि संबंधित वाउचर आरोपी ने स्वयं तैयार किए थे और इन्हीं के माध्यम से रकम दूसरे खातों में स्थानांतरित की गई।

जांच में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार की धाराएं भी जोड़ीं

जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए) और 13(2) भी जोड़ी गईं। करीब छह साल पुराने इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसी उससे कथित गबन की रकम के लेन-देन और अन्य संबंधित पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।