दो दिन की देरी से बेकार हुआ 50 हजार का चेक, SBI को 60 हजार रुपए चुकाने का आदेश

0

राजनांदगांव। चेक क्लियरिंग में देरी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की दिग्विजय स्टेडियम शाखा को भारी पड़ गई। ग्राहक का 50 हजार रुपए का चेक समय रहते क्लियरिंग के लिए आगे नहीं भेजने के कारण उसकी वैधता समाप्त हो गई। मामले की सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने बैंक को सेवा में कमी का दोषी माना और परिवादी को कुल 60 हजार रुपए भुगतान करने का आदेश दिया है। इसमें चेक की मूल राशि, मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय शामिल हैं।

वैधता खत्म होने से पहले जमा किया था चेक

मामला राजनांदगांव के शांति नगर वार्ड-04 निवासी खिलेश्वर सिन्हा से जुड़ा है। उनका खाता एसबीआई की दिग्विजय स्टेडियम शाखा में है। उन्हें रवि वैष्णव ने जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग शाखा का 50 हजार रुपए का चेक दिया था। यह चेक 21 नवंबर 2025 को जारी हुआ था।

खिलेश्वर सिन्हा ने 18 फरवरी 2026 को यह चेक अपनी एसबीआई शाखा में जमा कराया। चेक की 90 दिन की वैधता के अनुसार उस समय भुगतान के लिए पर्याप्त समय शेष था। लेकिन आरोप है कि बैंक ने अगले कार्यदिवस 19 फरवरी को चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा और इसे 20 फरवरी को आगे बढ़ाया। इसके अगले दिन 21 फरवरी को चेक ‘इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड’ यानी अवधि समाप्त होने के कारण वापस लौटा दिया गया।

सर्वर डाउन होने की दलील नहीं आई काम

बैंक ने आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 19 फरवरी को तकनीकी खराबी, नेटवर्क समस्या और सर्वर डाउन होने के कारण चेक क्लियरिंग के लिए नहीं भेजा जा सका। बैंक का तर्क था कि अगले दिन चेक भेजे जाने तक उसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी।

हालांकि, आयोग ने पाया कि बैंक अपनी तकनीकी समस्या के दावे के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। आयोग के अनुसार, केवल सर्वर या नेटवर्क की समस्या का हवाला देकर बैंक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। बैंकिंग कार्य समय के दौरान तकनीकी बाधा रहने के दावे को प्रमाणित करना बैंक की जिम्मेदारी थी।

45 दिन में भुगतान का आदेश

जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुंडू और सदस्य डॉ. आनंद वर्गीस की पीठ ने 26 नवंबर 2026 को मामले में फैसला सुनाते हुए परिवादी की शिकायत आंशिक रूप से स्वीकार की। आयोग ने एसबीआई को 50 हजार रुपए चेक की मूल राशि, 5 हजार रुपए मानसिक परेशानी के मुआवजे और 5 हजार रुपए वाद व्यय के रूप में देने का आदेश दिया।

इस तरह बैंक को कुल 60 हजार रुपए का भुगतान करना होगा। आयोग ने इसके लिए 45 दिन की समयसीमा तय की है। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर आदेश की तारीख से पूरी राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।

SBI की बाल्को शाखा में 93.60 लाख के गबन का मामला : 6 साल बाद तत्कालीन मुख्य प्रबंधक अरेस्ट