एक्ट्रेस जिया खान की मौत मामले में अभिनेता सूरज पंचोली बरी

मुंबई। अमरीकी नागरिक एवं बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान की सनसनीखेज मौत के 10 साल बाद मुंबई स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो की विशेष अदालत ने शुक्रवार को अभिनेता सूरज पंचोली को इस मामले में बरी कर दिया।

पच्चीस वर्षीय जिया को तीन जून 2013 को मुंबई के जुहू इलाके के सागर संगीत अपार्टमेंट में उनके मुंबई के फ्लैट में मृत पाया गया था। कहा जाता है कि जिया, सूरज के साथ रिश्ते में थीं, जो उस समय बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे।

जिया ने आत्महत्या से पहले एक नोट लिखा था, जिसने संदेह की सुई सूरज की ओर मोड़ दी थी। आत्महत्या के एक हफ्ते बाद सूरज को उनकी मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया और उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत कथित तौर पर जिया को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में अभियोजन पक्ष ने जिया की मां राबिया सहित 22 गवाहों से पूछताछ की। सूरज का केस वकील प्रशांत पाटिल लड़ रहे थे।

न्याय के लिए लड़ाई जारी रखूंगी : राबिया खान

अभिनेत्री जिया खान की मां राबिया खान ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी बेटी की मौत के मामले में अभिनेता सूरज पंचोली को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगी। इस मामले में सूरज पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था।

राबिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान आज यहां कहा कि सूरज को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से बरी कर दिया गया है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि उसने उनकी बेटी की हत्या नहीं की है।

उन्होंने कहा कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप आज हटा लिये गये लेकिन मूल प्रश्न यह है कि मेरी बेटी की मौत कैसे हुई? उसकी मौत का कारणों का पता नहीं चल सका है। हम न्याय के लिए बड़े न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

उन्होंने कहा कि मैं शुरू से कह रही हूं कि यह केस आत्महत्या के लिए उकसाने का है ही नहीं यह मर्डर है। यह हत्या का केस है। मैं कोर्ट के फैसले का सम्मान करती हूं। मेरी लड़ाई जारी रहेगी। फैसले को हायर कोर्ट में चुनौती दूंगी। मैं मां हूं और मैं अपनी बेटी के लिए क्यों नहीं लड़ूंगी?

गौरतलब है कि तीन जून, 2013 को 25 वर्षीय जिया अपने मुंबई के जुहू स्थित फ्लैट ‘सागर संगीत’ में में मृत पाई गई थी। बताया जाता है कि जिया सूरज के साथ रिश्ते में थीं और उन दिनो सूरज बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे।