अजमेर : पिता ने दो बच्चों को कुएं में धकेला, बेटे की मौत

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के गंज थाना क्षेत्र के फायसागर झील के नजदीक हाथीखेड़ा गांव में आज एक बेरहम पिता ने अपने बच्चों को कुएं में धकेल दिया, जिससे बेटे की मौत हो गई। जबकि बेटी को बचा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथीखेड़ा निवासी पिता विजयसिंह रावत पर आज अपने बच्चों के जीवन को खत्म करने का भूत सवार था। यही कारण रहा कि सिरफिरा पिता विजय बच्चों को स्कूल से लाने के बाद उन्हें पहले फायसागर झील ले गया, जब वहां सफलता नहीं मिली तो उन्हें गांव में खेत के कुएं पर ले आया।

उसने अपने बेटे हर्षवर्धन (8) को तथा हर्षिता (9) को कुएं में धकेल दिया। जबकि तीसरी बेटी प्रियंका (12) हाथ छुड़ा कर भाग गई। कुएं में धकेलने की वारदात एक ग्रामीण ने देख ली और गांववालों को इकट्ठा कर लिया।

ग्रामीणों ने हर्षिता को तो कुएं से निकाल लिया लेकिन हर्षित को सिविल डिफेंस का दल भी नहीं बचा पाया। बेटे हर्षित की अकाल मृत्यु हो गई और बेटी हर्षिता का जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जा भी मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी पिता विजयसिंह रावत को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।