अजमेर : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को आजीवन कारावास

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के केकड़ी थाना क्षेत्र से जुड़े तीन साल पुराने पोक्सो मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक रूपेन्द्र परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल 2020 केकड़ी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया जिसमें नाबालिग के साथ दुष्कर्म की बात बताई गई।

दुष्कर्म के आरोपी सावरलाल माली (28) पर दुष्कर्म सिद्ध होने के बाद आज पोक्सो न्यायालय संख्या-1 के न्यायाधीश बी.एल.जाट ने आरोपी को सजा सुनाते हुए उसे आखरी सांस तक कारावास तथा 58 हजार के अर्थदंड से दण्डित किया है।

जुआ खेल रहे नौ व्यक्ति गिरफ्तार

अजमेर की दरगाह थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुएं की फड़ पर दबिश देकर नौ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकद राशि भी जब्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के निर्देश पर आज दरगाह के नजदीक हिन्दू मौची मौहल्ला क्षेत्र में जुए की फड़ पर छापा मार कार्यवाही करते हुए नौ जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 20,185 रूपए नकद जब्त किये। सभी जुआरी स्थानीय बताए जा रहे है।

पुष्कर में पवित्र सरोवर में तैरता शव बरामद

अजमेर के तीर्थराज पुष्कर के पवित्र सरोवर में आज सुबह पानी में तैरता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरोवर के सप्तर्षि घाट पर पुष्कर सरोवर परिक्रमा करने पहुंचे लोगों ने सबसे पहले शव को पानी में तैरते देख पुलिस मित्र सहायता केंद्र पर सूचना देकर राहत बुलवाई गई।

पुलिस मित्र के जवानों तैरते मृतक के शव को बाहर निकाला जिसकी उम्र 56-58 के बीच आंकी गई। लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। हालांकि सरोवर के घाट पर मृतक के कपड़े और कुछ नकद पैसे बरामद हुए लेकिन पहचान का दस्तावेज नहीं मिलने से शिनाख्त नहीं हो पा रही है। पुष्कर थाना पुलिस ने मृतक के शव को राजकीय अस्पताल पुष्कर की मोर्चरी रखवाया है।