RSS की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक में शाखा विस्तार, जनगणना, नशा मुक्ति और शताब्दी वर्ष की योजनाओं पर हुआ मंथन

0

बेलगावी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक रविवार को कर्नाटक के बेलगावी में संपन्न हो गई। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से 226 कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संघ के प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा, शाखा विस्तार, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, जनगणना, जनसांख्यिकी असंतुलन, नशा मुक्ति और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रशिक्षण वर्गों की हुई समीक्षा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार बैठक में मार्च 2026 के बाद देशभर में आयोजित संघ के प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की गई। इस वर्ष 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित हुए, जिनमें 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, संघ कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुम्ब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे।

शाखा विस्तार और शताब्दी वर्ष पर विशेष जोर

बैठक में शाखाओं के स्तर पर कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। साथ ही सितंबर 2026 में अधिकतम शाखा विस्तार अभियान की रूपरेखा पर विचार किया गया। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अब तक संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि शताब्दी वर्ष के दौरान संपर्क में आए लोगों को सामाजिक कार्यों और ‘पंच परिवर्तन’ के विषयों से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

सरसंघचालक के प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा

बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के वर्ष 2026-27 के प्रवास कार्यक्रम पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जनगणना, जनसांख्यिकी और नशा मुक्ति पर चिंता

बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए जनगणना, जनसांख्यिकी असंतुलन से उत्पन्न चुनौतियों तथा समाज पर इसके प्रभावों पर विचार किया गया। इसके साथ ही देश में बढ़ते ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा मुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

संत रविदास जयंती वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारी

बैठक में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

राम मंदिर दानपेटी मामले पर जताई चिंता

बैठक में श्रीरामजन्मभूमि मंदिर की दानपेटी में चढ़ावे की गिनती के दौरान सामने आई कथित अनियमितता की घटना पर दुख व्यक्त किया गया। संघ ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनुरोध पर चल रही एसआईटी और पुलिस जांच पर विश्वास व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जांच निर्णायक परिणाम तक पहुंचेगी। साथ ही न्यास से अपेक्षा की गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, जिससे रामभक्तों की श्रद्धा और आस्था प्रभावित हो।