बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली से आ रहे एलाइंस एयर के विमान की लैंडिंग के दौरान दाईं ओर का पहिया फट गया। हालांकि विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद विमान की प्रस्तावित प्रयागराज उड़ान रद्द कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एलाइंस एयर के विमान ने दिल्ली से सुबह करीब 10.55 बजे उड़ान भरी थी। करीब 2:35 घंटे की यात्रा के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी उसका दाईं ओर का पहिया बुरी तरह फट गया। बताया गया है कि पहिए में आग भी लग गई थी और विमान कुछ दूरी तक घसीटता चला गया।
पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया। घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी। एयरपोर्ट पर भी तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है और विमान में मौजूद सभी 60 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
फिलहाल विमान का पहिया फटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और पहिए में आई खराबी की जांच किए जाने की संभावना है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटनाक्रम के बाद क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज के लिए निर्धारित उड़ान रद्द कर दी गई है।



