नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला श्रमिक से गैंगरेप

alwar : 22 year old woman raped by coworker on pretext of job in neemrana

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के नीमराणा में एक महिला श्रमिक के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया।

बहरोड़ पुलिस उपाधीक्षक जनेश सिंह तंवर ने बताया कि 22 वर्षीय दलित महिला श्रमिक को उसकी कंपनी में काम करने वाले युवक प्रवीण कुमार ने नौकरी का झांसा देकर अपने दोस्त दीपक के साथ हरियाणा के गणियार गांव में ले गए और गांव के बाहर सुनसान जगह पर दीपक के मकान में महिला के साथ दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि दोनों ने अपने दोस्तों को वहां बुला लिया और छह-सात लोगों ने महिला से दुष्कर्म किया। महिला से रात भर दुष्कर्म करने के बाद सोमवार को सुबह नीमराणा छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद नीमराणा थाने में मामला दर्ज कराया गया।

इस मामले में पुलिस ने प्रवीण कुमार उर्फ ढिल्लू (21) निवासी गणियार हरियाणा, दीपक कुमार (19) निवासी चंदपुरा, तनसुख (20) निवासी गणियार तथा विनोद कुमार (32) निवासी गणियार को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही हैं।