अशोक गहलोत को हर जगह नजर आती है लाल डायरी : अमित शाह

डिडवाना-कुचामन। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार रही है और अब तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लाल रंग देखकर ही भड़क जाते हैं और उन्हें हर जगह लाल डायरी नजर आती है।

शाह मंगलवार को प्रदेश में नावां, मकराना, बिदियाद एवं परबतसर में भाजपा प्रत्याशियों की जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी, राजस्थान में गहलोत अपने बेटे वैभव गहलोत को लांच करने की कोशिश में ही लगे रहे वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चन्द्रयान लांच कर तिरंगे को चांद पर लहरा दिया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान की भूमि सालों से सम्मान और गौरव की रही है जहां लोगों ने मुगलों की आंधी का भी डटकर सामना किया था लेकिन पिछले पांच सालों में गहलोत सरकार ने वीरभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार रही है और अब तो हालात ऐसे हैं कि लाल रंग देखकर ही गहलोत साहब भड़क जाते हैं चाहे कुछ भी लाल हो गहलोत जी को हर जगह लाल डायरी नजर आती है।

उन्होंने कहा कि खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का घोटाला हुआ, उदयसागर झील में दो हजार करोड़ का घोटाला और सचिवालय में दो किलो सोना मिला लेकिन मुख्यमंत्री की नींद नहीं उडी।

शाह ने तंज कसते हुए कहा कि गहलोत को जादूगर कहा जाता है और वे ऐसे जादूगर है जिन्होंने राजस्थान से पांच साल में जादू से बिजली, स्वास्थ्य, पानी, रोजगार और कानून व्यवस्था को गुम कर दिया है। उनके जादू से सिर्फ कुशासन ही निकला है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत ने रामनवमी पर जुलूस को बेन कर दिया लेकिन पीएफआई से कोटा में रैली करवाई। गहलोत के शासन में डूंगरपुर में हिंसा, बारां में हिंसा, झालावाड़ में दंगे, करौली में दंगे,जोधपुर में दंगे, भीलवाड़ा, करौली, चित्तौड़गढ़, मेवाड़, धौलपुर और जयपुर में तो हालात बहुत ही विकट रहे है।

इन सभी जगहों पर कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति की है। उदयपुर में तो कन्हैया लाल की दिनदहाड़े गला रेत कर हत्या कर दी गई लेकिन आरोपियों को सजा नहीं दी गई। अब समय आ गया है राजस्थान की जनता को इस बार तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली सरकार को उखाड़ फेंकना है।

शाह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा का मतलब सुशासन है। यहां कानून व्यवस्था हो, पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा सब भाजपा सरकार ही दे सकती है। यहां कांग्रेस की सरकार ने पेपर लीक का रिकॉर्ड बनाया, बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ किया, हर भर्ती का पेपर लीक हुआ। बेरोजगार युवा बुरी तरह हताश हुए है, एक पेपर के लिए युवा ढाई तीन साल तक मेहनत कर रहा है लेकिन गहलोत सरकार ने पेपर लीक कर युवाओं के साथ अन्याय किया।

उन्होंने लोगों से आहृवान किया कि इस बार भाजपा की सरकार बनाएं, हम ऐसी व्यवस्था करेंगे, जिससे पेपर लीक ना हो। उन्होंने कहा कि सेना को सबसे ज्यादा जवान राजस्थान ने दिए है। सैनिकों के सम्मान में हमने वन रैंक वन पेंशन की उनकी मांग पूरी की। राजस्थान में न्याय करने वाली सरकार होनी चाहिए। वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को कितना पैसा दिया।

उन्होंने कहा कि गहलोत को उसका हिसाब देना चाहिए। मोदी ने पिछले 10 साल में 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपए राजस्थान को दिए। यहां नेशनल हाईवे, एयरपोर्ट, रिफाइनरी, रेलवे के लिए छह लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री ने दिए है। केन्द्र ने पिछले 10 साल में राजस्थान के 80 लाख किसानों को बैंक खाते में पैसे भेजा, 86 लाख घरों में शौचालय बनाकर माता-बहनों को सम्मान दिया।

5 किलो मुफ्त अनाज गरीबों को देना शुरू किया और अब यह योजना अगले पांच सालों तक जारी रहेगी। मोदी ने 18 लाख गरीबों को घर देने का काम किया, जब पूरा विश्व कोरोना महामारी से भयभीत था उस समय देश में बडी तेजी से टीकाकरण हो रहा था। देशवासियों को 200 करोड़ कोरोना के टीके लगाए गए।

शाह ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में जहां हाथ रखो वहीं घोटाला सामने आ रहा है। यहां खनन विभाग में 66 हजार करोड का घोटाला, उदय सागर झील में 2000 करोड़ का घोटाला, शिक्षा मंत्री के सामने ट्रांसफर में रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए, सचिवालय में करोडों रूपए बरामद किए गए। गरीबों के नाम पर 200 करोड़, गरीबों के राशन में 100 करोड़ का घोटाला और पेंशन में 450 करोड़ का घोटाला सामने आया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में सबसे बड़ी समस्या गांव ढाणी के अंदर पीने का पानी की है। मोदी ने समग्र देश के लिए हर व्यक्ति के घर में हर गरीब के घर में नल से जल पहुंचाने का काम किया लेकिन यहां पर जल जीवन मिशन पर 20 हजार करोड रुपए का घोटाला हो गया।

इस बार डबल इंजन की सरकार बनाओ हर घर में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने अपनी जनसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर जिताने की अपील की। इस दौरान उनके साथ अलग अलग सभाओं में भाजपा प्रत्याशी सुमिता भींचर, मानसिंह किनसरिया और विजय सिंह चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सीआर चौधरी, प्रदेश महामंत्री जगबीर छाबा, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओडिंट, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनिता रांदड, चुनाव संभाग प्रभारी महेंद्र सिंह, हरिराम रिणवां, हरियाणा विधायक लक्ष्मण यादव,​ जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी सहित मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।