जनता जादूगर बनकर अशोक गहलोत को कर देगी गायब : अमित शाह

जयपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान सरकार पर उसके शासन में युवा, किसान महिलाएं सभी त्रस्त रहने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि इस बार विधानभा चुनाव में जनता ने परिवर्तन का मूड बना लिया है और सारे रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

शाह गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब मैने राजस्थान में प्रचार शुरु किया तो कुछ नेताओं ने कहा था कि सोच समझकर रणनीति बनाइएगा, गहलोत साहब जादूगर हैं लेकिन मैं आपको बता दूं कि जनता ने मूड बना लिया है तीन दिसंबर को सारे रिकार्ड तोड़कर भाजपा की सरकार बनने जा रही है, जनता जादूगर बनकर गहलोत को गायब कर देगी।

उन्होंने कहा कि गहलोत लाल डायरी से क्यों डर रहे है, आपके एमएलए ने ही मुद्दा उठााया है, आपसे जवाब देना नहीं बनता, ऊपर से सवाल कर रहे है। कांग्रेस की लाल डायरी भ्रष्टाचार का प्रतीक है यहां कई सारे गबन के मामले हुए है, सचिवालय में दो करोड 35 लाख और एक किलो सोना मिला है। इसके बावजूद गहलोत सरकार के पेट का पानी नहीं हिलता।

शाह ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते यहां आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई। सालासार में रामदरबार पर बुलडोजर चलाया गया, अलवर में शिवलिंग को ड्रिलिंग मशीन से तोड़ दिया गया। कठूमर में गौशाला पर बुलडोजर घुमाया गया। रजास्थान में तुष्टिकरण के कई मामले देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में तुष्टीकरण की राजनीति चरम सीमा पर है। गत पांच साल में छबड़ा, भीलवाड़ा, करौली, जोधपुर , चित्तौड़गढ़, नोहर, मेवात, मालपुरा, जयपुर में सुनियोजित दंगे हुए। वोट बैंक पाॅलिटक्स के कारण गहलोत सरकार ने दंगाइयों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

उन्होंन कहा कि किसान अब कांग्रेस के खिलाफ लामबंद होकर भाजपा के साथ खड़े है क्योंकि कांग्रेस सरकार ने गत पांच साल में पांच प्रतिशत किसानों का भी कर्ज माफ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि गत पांच साल में राजस्थान में सबसे बुरी स्थिति महिलाओं की रही है। गत पांच साल में दो लाख से ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार के मामले दर्ज हुए है। 35 हजार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुई। पन्द्रह हजार से ज्यादा कम उम्र की बच्चियों के साथ् दुष्कर्म की घटनाएं हुई। प्रतिदिन 19 बलात्कार के मामले राजस्थान में सामने आये है। यहां तक की दरोगा भी अब संदिग्ध पाये जा रहे है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान ने हमेशा मोदीजी के साथ खड़ा रहकर भाजपा का समर्थन किया है। वर्ष 2014 और वर्ष 2019 दोनों लोकसभा चुनावों में सभी की सभी सीटें भाजपा के खाते में देकर राजस्थान की जनता ने हमेशा मोदी को अपना समर्थन दिया है।