21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया पूजन
वाराणसी। उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी सोमवार को धर्मनगरी काशी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। देव दीपावली से पहले अनंत अंबानी की इस धार्मिक यात्रा के दौरान दोनों मंदिरों में विशेष सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई थीं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अनंत अंबानी सबसे पहले मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। यहां 21 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका स्वागत किया। मंदिर के अर्चकों ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर के अर्चक पप्पू जी ने उनका विशेष कुमकुम पूजन कराया। अनंत अंबानी ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद अनंत अंबानी श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में विधिवत दर्शन-पूजन किया और जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
काशी के दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अनंत अंबानी ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। उनकी यात्रा के दौरान मंदिरों की पारंपरिक धार्मिक विधियों के साथ अतिथि सत्कार की व्यवस्था भी की गई।
गौरतलब है कि काशी देश के प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक केंद्रों में शामिल है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जबकि मां अन्नपूर्णा को अन्न और समृद्धि की देवी के रूप में पूजा जाता है। दोनों मंदिरों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।



