अशोक गहलोत आचार संहिता का खुलेआम कर रहे हैं उल्लंघन : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

जोशी ने अपने बयान में कहा कि गहलोत नियमों के विरुद्ध दिल्ली में सरकारी गाड़ी में सरकारी अधिकारी के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की केंद्रीय जांच एजेंसियों और भाजपा के उम्मीदवारों पर टिप्पणी चुनाव में उनके हार के भय को दिखा रही है। इस बार चुनाव में उनका पूरा राजनीतिक करियर दाव पर है।

जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत ने जनता को सिर्फ भ्रष्ट शासन दिया। पेपर लीक, सरकार कार्यालयों में अपने ही मंत्रालय में करोड़ों रुपए और सोने की सिल्लियां मिलना, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं करने देना, गंभीर आरोपियों के मामले में अभियोजन स्वीकृति नहीं देना, केंद्रीय योजनाओं का पैसा हड़पना, खनन माफियाओं को लूट की खुली छूट देना, पेपर लीक के आरोपियों को जमानत के लिए महंगे वकील देना, गोपाल केसावत के मामले में कमजोर धाराएं लगाना, आरपीएससी जैसी संस्थाओं में पैसा लेकर सदस्य बनना जैसे भ्रष्टाचार के कई मामले उनकी सरकार की पोल खोलते हैं।

उन्होंने कहा कि आखिर केंद्रीय जांच एजेंसी क्यों नहीं आए। मुख्यमंत्री डर गए हैं क्योंकि भ्रष्टाचार का हर कनेक्शन मुख्यमंत्री कार्यालय तक जा रहा है। उन्होंने वादा किया भाजपा की सरकार आने के बाद किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा।