चीन के एक जूता कारखाने में आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत

0

बीजिंग। चीन के जिंजियांग शहर में एक जूता कारखाने में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई।

यह विनाशकारी आग गुरुवार को हुइतेंग फुटवियर कारखाने में लगी। स्थानीय मीडिया के अनुसार जब आग भड़की तब कारखाने के भीतर लगभग 240 लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही 500 से अधिक राहत एवं बचाव कर्मियों को तैनात कर बचाव कार्य चलाया गया।

कारखाने से सुरक्षित बाहर निकाले गए 213 लोगों में से दो की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि शुरुआत में लापता बताए गए 26 अन्य लोग कारखाने के भीतर मृत पाए गए।

प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि आग कारखाने के भूतल से शुरू हुई थी, जहां भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने कारखाने के मालिकों के लिए काम करने वाले कई लोगों को हिरासत में ले लिया है और कंपनी के बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी है।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आग लगने के कारण बड़े पैमाने पर लोग हताहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि फुज्यान प्रांत का जिंजियांग शहर दुनिया भर में जूतों की राजधानी के रूप में जाना जाता है, क्योंकि दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत खेल के जूते अकेले इसी शहर में बनाए जाते हैं।