नसीराबाद। अजमेर जिले के बनेवड़ा गांव की प्रतिभावान खिलाड़ी नीतू गुर्जर ने कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय बनेवड़ा की छात्रा नीतू गुर्जर पुत्री शिवराज गुर्जर के चयन से विद्यालय के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
हाल ही कनक पब्लिक स्कूल के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में नीतू ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैदान पर उनकी चुस्ती, खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
नीतू अब गंगाशहर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वह जल्द ही रवाना होंगी। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि नीतू राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगी।
नीतू की इस उपलब्धि पर बनेवड़ा संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समिति सदस्यों ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांव की बेटियों का खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।



