बड़वानी : प्रेम संबंध के संदेह में महिला और युवक को खंभे से बांधकर गांव में घुमाया

0

बड़वानी। मध्य प्रदेश में बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध के संदेह में एक विवाहित महिला और उसके कथित प्रेमी के साथ मारपीट कर उन्हें पूरी रात खंभे से बांधकर रखने तथा अगले दिन गांव में घुमाने के मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, देवर और भांजे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उप पुलिस अधीक्षक महेश सुनैया ने सोमवार को बताया कि 35 वर्षीय महिला का विवाह लगभग 15 वर्ष पहले हुआ था और उसके दो बच्चे हैं। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान पति के एक रिश्तेदार, जो पेशे से चालक है और उम्र में उससे तीन वर्ष छोटा है, से पिछले करीब पांच वर्षों से उसके प्रेम संबंध बन गए।

महिला के अनुसार करीब दो महीने पहले वह अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी। बाद में पति उसे समझाकर वापस ले आया। रविवार शाम वह अपने कथित प्रेमी के साथ थी, तभी पति और उसके परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई।

आरोप है कि इसके बाद पति, देवर और भांजे ने दोनों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की तथा घर के बाहर एक खंभे से बांध दिया, जहां दोनों बारिश में भीगते हुए पूरी रात बंधे रहे। अगले दिन सुबह उन्हें गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस के अनुसार गांव के सरपंच की सूचना पर विभिन्न थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों को मुक्त कराया। घटना के बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के बीच तनाव की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।

सुनैया ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके पति, देवर और भांजे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसे फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है तथा न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।